क्षमा का असंभव सौंदर्य, ज़ाक देरिदा और यह जीवन / गार्गी मिश्रा


क्षमा कोई सहज उपहार नहीं, बल्कि रूह के भीतर बहती एक ऐसी अंधेरी नदी है जहाँ इंसान अपनी ही टूटी हुई परछाइयों को विसर्जित करने उतरता है। क्या यह आत्मा की दवा है या स्वयं को बचाने की कोई गुप्त प्रार्थना? जब भीतर का घाव समय की दीवारों पर खरोंच बनकर चीखने लगे तब क्षमा किसी मीठे मरहम की तरह नहीं बल्कि एक कड़वे रसायन की तरह उतरती है। हम अक्सर दूसरों को बरी करने के लिए नहीं बल्कि अपनी ही छाती पर रखे प्रतिशोध के जलते हुए पत्थरों को उतार फेंकने के लिए क्षमा की देहरी लांघते हैं। यह स्वयं के प्रति की गई एक मूक दया है, एक ऐसा एकांत स्नान है जहाँ हम उस ज़हर को अपनी रगों से बाहर बहा देते हैं, जिसे हमने यह सोचकर पिया था कि प्यास किसी और की बुझेगी।

क्या अर्थ है उसे क्षमा करने का जो अक्षम्य है? इसका उत्तर कठिन है लेकिन अप्राप्य नहीं। एक ऐसी दुनिया जो व्यक्तिगत और सामूहिक स्तरों पर बँटी हुई है, जहाँ विश्वासघात, हिंसा और अन्याय अब बहुत बड़ी बात नहीं, ऐसी दुनिया के बरक्स ज़ाक देरिदा का क्षमा का दर्शन हमारे सामने एक क्रांतिकारी और बेचैन कर देने वाला दृष्टिकोण प्रस्तुत करता है। देरिदा का बिना शर्त क्षमा का विचार, मानव मन, सामाजिक ढाँचे और राजनीतिक अपेक्षाओं को एक चुनौती देता है, एक ऐसा ज्ञान जो साहस में निहित है।

ज़ाक देरिदा (1930–2004) फ्रांसीसी दार्शनिक और “डीकंस्ट्रक्शन” (विखंडनवाद) के संस्थापक थे। एक ऐसी विधि जो स्थिर अर्थों और द्वैतात्मक सोच की आलोचना करती है। अपने उत्तरकालीन कार्यों में उन्होंने नैतिकता और राजनीति की ओर रुख किया, जिनमें On Cosmopolitanism and Forgiveness (सर्वजनवाद और क्षमा पर आधारित) जैसे ग्रंथ सबसे प्रेरक रहे हैं। इसमें वे क्षमा को एक विरोधाभास के रूप में प्रस्तुत करते हैं: बिना किसी शर्त, तर्क या अपेक्षा के अक्षम्य को क्षमा करने की माँग।

देरिदा का तर्क है कि सच्ची क्षमा अवश्य ही बिना शर्त होनी चाहिए। वह ऐसे कृत्य को भी क्षमा करे जिसे क्षमा नहीं किया जा सकता। बिना क्षमा-याचना, पछतावे या परिवर्तन की अपेक्षा किए। जैसा कि वे कहते हैं, “यदि मैं केवल वही क्षमा करने को तैयार हूँ जो क्षमा योग्य है, तो मैं वास्तव में क्षमा नहीं कर रहा।” इस प्रकार, क्षमा कोई लेन-देन या सौदा नहीं बल्कि एक उपहार है। एक ऐसा उपहार जो यदि किसी भी अपेक्षा के साथ जुड़ा हो तो स्वयं अपना अस्तित्व खो देता है।

देरिदा क्षमा के दो ध्रुवों की बात करते हैं: एक है शुद्ध, नैतिक क्षमा जो बिना शर्त होती है; दूसरा है व्यावहारिक, राजनीतिक क्षमा जो सत्ता, सुलह और समाधान की संरचनाओं से जुड़ी होती है। ये दोनों ध्रुव अनिवार्य रूप से एक-दूसरे से अलग होते हुए भी आपस में जुड़े रहते हैं। यदि शुद्ध क्षमा की अवधारणा न हो, तो क्षमा मात्र नीति या रणनीति बन जाती है; लेकिन यह शुद्ध क्षमा व्यावहारिक जीवन की जटिलताओं में असंभव प्रतीत होती है।

अपने लेख On Forgiveness में देरिदा लिखते हैं: “क्षमा उसी के लिए माँगी जाती है जो असंभव है; यह केवल उसी के लिए माँगी जा सकती है जो अक्षम्य है।” यह कथन उनके चिंतन का सार प्रस्तुत करता है। सच्ची क्षमा वहीं से शुरू होती है जहाँ न्याय और नैतिकता अपनी सीमाओं पर पहुँच जाते हैं। यदि क्षमा केवल उन्हीं को दी जाती है जो पछतावा जताते हैं या परिवर्तन दर्शाते हैं, तो वह एक नैतिक लेन-देन बन जाती है। देरिदा पाठक से अपेक्षा करते हैं कि वह समझे कि क्षमा दूसरे की ‘योग्यता’ पर नहीं बल्कि क्षमा करने वाले के निर्णय पर आधारित होती है। एक ऐसा निर्णय जो गणना या प्रतिदान की अर्थव्यवस्था को अस्वीकार करता है।

क्षमा उस समय ‘उदारता का एक कार्य’ बन जाती है, जब वह किसी कीमत की अपेक्षा किए बिना की जाती है। एक नैतिक क्षण में अतिथि-सत्कार का वह चरम रूप, जहाँ क्षमा देने वाला अपने अपराधी को केवल इसलिए स्वीकार करता है कि वह स्वयं ऐसा करना चुनता है।

व्यक्तिगत स्तर पर, देरिदा की क्षमा की धारणा दूसरे की विशिष्टता से जुड़ी है। क्षमा करना किसी सामान्य अपराध को नहीं, बल्कि एक विशिष्ट और अविस्मरणीय व्यक्ति को संबोधित करना है जिसने आघात पहुँचाया हो। यह क्षमा न तो माँगी जा सकती है, न मापी जा सकती है; यह एक एकमात्र, अपुनरावृत्त कार्य है, जो स्मृति से जुड़ता भी है और उससे परे भी जाता है।

मनोविश्लेषणात्मक दृष्टिकोण से देखा जाए तो क्षमा शोक की प्रक्रिया है। एक ऐसा मार्ग जहाँ व्यक्ति आघात से गुज़रता है, न कि उसे नकारता है। क्षमा में अवचेतन प्रतिरोध गहरे होते हैं। बदले की इच्छा, पीड़ा का पुनरावर्तन, विश्वास की मृत्यु। लेकिन इन्हीं प्रतिरोधों का सामना कर क्षमा करने वाला व्यक्ति अपनी स्वतंत्रता का प्रयोग करता है। अतीत को मिटाने के लिए नहीं, बल्कि उसकी गिरफ्त से मुक्त होने के लिए।

अस्तित्ववादी रूप से, क्षमा एक चरम स्वतंत्रता का कार्य है। इसे कोई बाहरी आदेश के तहत नहीं करता, यह बिना किसी निश्चित परिणाम के, बिना किसी गारंटी के किया गया निर्णय होता है। नैतिक आत्म-निर्णय की एक मौन घोषणा।

देरिदा कहते हैं: “क्षमा को दो विषम स्तरों से जुड़ना चाहिए। एक नैतिक या न्यायिक, दूसरा पूर्णतया असंबद्ध और बिना शर्त।” यहाँ वे क्षमा और न्याय के बीच गहरे तनाव की ओर इशारा करते हैं। एक ओर दुनिया की न्यायिक व्यवस्थाओं की ज़रूरत, दूसरी ओर एक आंतरिक नैतिक क्षेत्र जहाँ सच्ची क्षमा निवास करती है। जब क्षमा को संस्थागत संरचनाओं में ढाला जाता है, तो वह अपनी आत्मा और संवेदनशीलता खो देती है।

समाज और समुदाय के स्तर पर, देरिदा संस्थागत क्षमा पर संदेह करते हैं, लेकिन यह निराशा की बात नहीं है। वे मानते हैं कि सत्य एवं सुलह आयोग, सार्वजनिक माफ़ी और सामूहिक उपचार आवश्यक हैं, पर ये हमेशा सशर्त होते हैं: इनमें स्वीकृति, समयसीमा, समारोह और राज्य की भागीदारी होती है। ऐसे में क्षमा अक्सर “राजनीतिक रणनीति” बन जाती है।

जब राष्ट्र एकता या स्थायित्व की आवश्यकता के चलते अतीत के अत्याचारों को क्षमा करने की कोशिश करते हैं, तो क्षमा का कार्य नैतिकता की बजाय रणनीति में बदल जाता है। देरिदा हमें सिखाते हैं कि ऐसा समाधान जो बहुत जल्दी या सस्ते में मिल जाए, वह सच्चे दुख और स्मृति की कठिन प्रक्रिया को दरकिनार करता है।

एक स्थान पर देरिदा कहते हैं: “क्षमा पागलपन है। उसे होशपूर्वक उस रात में छलांग लगानी चाहिए जो समझ से परे है।” यह पागलपन कोई रोगात्मक विकृति नहीं है, बल्कि तर्क से परे जाने का नैतिक साहस है। क्षमा एक व्याख्या योग्य कथा नहीं, बल्कि एक दरार है, एक नैतिक अतिरेक का क्षण। यही पागलपन उसे शक्तिशाली बनाता है। यह आघात और प्रतिक्रिया की श्रृंखला से मुक्त करता है और अतीत के साथ एक नया संबंध बनाता है।

राजनीतिक स्तर पर, देरिदा की बातें सबसे अधिक व्याकुल करने वाली हैं। नरसंहार, औपनिवेशिक हिंसा और प्रणालीगत अन्याय के बाद वे विश्व क्षमा की माँग करते हैं ताकि आगे बढ़ा जा सके। परन्तु, मृतकों की ओर से कौन क्षमा कर सकता है? क्या कोई राष्ट्र उस अपराध को क्षमा कर सकता है जो उसने खुद नहीं झेला? क्या कोई नेता क्षमा कर सकता है बिना किसी पीड़ित की विशिष्टता का अपमान किए? यहाँ देरिदा का उत्तर एक सावधान “नहीं” है। वे कहते हैं कि राजनीतिक क्षमा संरचनात्मक रूप से असंभव है, यदि वह नैतिक क्षमा की कठोर माँग से न गुज़रे। और फिर भी वे व्यावहारिक ज़रूरत और आदर्श के बीच खुद को “बँटा हुआ” मानते हैं।

आज की दुनिया में, जब क्षमा पीआर अभियानों, सोशल मीडिया या राजनीतिक मजबूरियों में उलझ गई है, देरिदा हमें चेताते हैं कि क्षमा एक प्रदर्शन न बन जाए, नकली पछतावे और सार्वजनिक क्षमा-याचनाओं का खेल। लेकिन वे यह भी मानते हैं कि ऐसी क्षमा के लिए स्थान बचा रहना चाहिए जो इस अर्थव्यवस्था से परे हो, जो अनियंत्रित हो, अतिरिक्त हो और शायद “पागल” भी हो।

इसी पागलपन में ज्ञान छुपा है। देरिदा इसे “असंभव का पागलपन” कहते हैं। एक ऐसा कार्य जो समझ में नहीं आता, फिर भी हमें तर्क से परे बुलाता है। यह घाव को मिटाता नहीं, बल्कि उसे एक नए दृष्टिकोण से देखता है। क्षमा न तो भूलना है, न ही दोषमुक्त करना; यह प्रतिशोध, नैतिक श्रेष्ठता और अंतिम निर्णय की माँग को छोड़ देना है। यह घाव के साथ जीना है, लेकिन उसके बंदी बने बिना।

सच्ची क्षमा एक मौन, सहज और अडिग बुद्धिमत्ता है। यह कमज़ोरी नहीं, बल्कि ऐसी शक्ति है जो बिना किसी गारंटी के प्रेम करने का साहस रखती है। जो बिना परिणाम के मुक्त करने की हिम्मत रखती है। क्षमा करने में, व्यक्ति न केवल दूसरे को, बल्कि स्वयं को भी मुक्त करता है।

स्मृति, देरिदा के अनुसार, क्षमा में एक दोहरी भूमिका निभाती है। एक ओर यह घाव को जीवित रखती है और न्याय की माँग करती है; दूसरी ओर यह उस घाव को ‘पत्थर’ बना सकती है जिससे क्षमा असंभव हो जाए। बिना भुलाए क्षमा करना एक चुनौती है, स्मृति को पकड़े रहना, लेकिन उसकी कैद में न रहना।

भूगोल भी क्षमा को जटिल बना देता है। जब पीड़ित या अपराधी एक स्थान से दूसरे में चला जाता है, तो वह संदर्भ जो दर्द को अर्थ देता था, छूट जाता है। निर्वासन, प्रवासन या सांस्कृतिक विस्थापन वह पीड़ा साथ ले जाते हैं जिसे नई जगहें समझ नहीं पातीं। यह क्षमा करने वाले को और अधिक अकेला बना सकता है। लेकिन यह दूरी कभी-कभी क्षमा को संभव भी बना देती है। इस प्रकार, भूगोल स्मृति की भूमि को बदल देता है और वहीं से क्षमा की संभावनाएँ जन्म लेती हैं।

इतिहास देरिदा की अवधारणा के कई उदाहरण प्रस्तुत करता है। दक्षिण अफ्रीका में रंगभेद के बाद Truth and Reconciliation Commission ने न्याय और क्षमा के बीच संतुलन साधने की कोशिश की। कुछ ने इसे हीलिंग माना, कुछ ने इसे राजनीतिक बाध्यता पर आधारित सशर्त क्षमा कहा। रवांडा में “गचाचा” अदालतों ने अपराधियों और पीड़ितों का आमना-सामना कराया। जर्मनी ने द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यहूदियों से क्षमा माँगी, मुआवज़ा दिया, परंतु कई बचे लोगों ने क्षमा करने से इनकार कर दिया, इस बात का प्रमाण कि क्षमा थोपी नहीं जा सकती। कनाडा और ऑस्ट्रेलिया में आदिवासी समुदायों से प्रतीकात्मक क्षमा माँगी गई, पर देरिदा का प्रश्न फिर से गूँजता है: क्या कोई समूह ऐतिहासिक अपराधों को क्षमा कर सकता है? और उन मृत लोगों की ओर से कौन बोलेगा?

आज के समय में, देरिदा का क्षमा का दर्शन बेहद प्रासंगिक है। कैंसल कल्चर, सार्वजनिक शर्मिंदगी और संस्थागत प्रायश्चित के इस युग में क्षमा का वास्तविक अर्थ खतरे में है। जब क्षमा, क्षमा-याचना, प्रचार या न्याय की शर्तों पर आधारित हो जाती है, तो वह क्षमा नहीं रहती, बल्कि प्रशासन बन जाती है।

देरिदा हमें याद दिलाते हैं कि क्षमा माँगी नहीं जा सकती, न तय की जा सकती है, न ही उसे संस्थागत रूप दिया जा सकता है। यह एक एकल उपहार है। एक निर्णय जो तर्क से परे है और एक कार्य जो न केवल दूसरे को बल्कि स्वयं को भी मुक्त करता है।

इसलिए, क्षमा करना भूलना या सहमति देना नहीं है। यह स्मृति के साथ एक नया रिश्ता बनाना है। यह अंधेरे में जाकर ‘हाँ’ कहना है। इसलिए नहीं कि हमने इस मूल्य को अपनाया बल्कि इसलिए कि ऐसा करना हमारा खुद का चुनाव है। उसी ‘हाँ’ में एक अखंड स्वतंत्रता छिपी है। उसी ‘हाँ’ में क्षमा करने वाला न केवल पीड़ित या न्यायाधीश होता है, बल्कि वह साक्षी, कर्ता और अपनी आत्मा का रक्षक बन जाता है।

क्षमा एक ऐसा तिलिस्मी पैराडॉक्स है, जो अपने ही अस्तित्व से जूझता रहता है। यदि यह स्वयं को शांत करने का साधन मात्र बन जाए, तो यह स्वार्थ की एक पवित्र चादर बन जाती है और यदि यह पूरी तरह निस्वार्थ हो तो इसे सहने वाला शून्य में विलीन हो जाता है। यह हवा में तैरते एक कांच के महल की तरह है। इतना नाज़ुक, कि छूते ही बिखर जाए, और इतना क्रूर कि अपने भीतर अक्षम्य का भार समेट ले। क्षमा वस्तुतः किसी घाव का भर जाना नहीं, बल्कि उस घाव के निशान के साथ एक ऐसी भाषा में संवाद करना है जिसका कोई आदि या अंत नहीं होता। यह असंभव के सीने में उतरकर चुपचाप सांस लेने की एक विचित्र, उदास और असीम कला है।

क्षमा को देरिदा की आँखों और अपने मन से देख कर मैं पाती हूँ कि क्षमा के संदर्भ में देरिदा कोई आसान उत्तर नहीं देते। वे केवल प्रश्न को एक गरिमा देते हैं। और उसी प्रश्न में वह मौन शक्ति छिपी है जो हमें असंभव को क्षमा करने का साहस देती है।

***

***

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *