ईश्वर को रिश्वत देने का ख्याल पाले और अन्धकार में बदल चुके लोगों की फ़िक्र में लगे रूपायण का जन्म बंगाल के राढ़ इलाके में हुआ है। वह बंगला और हिंदी दोनों में लिखते हैं। राढ़ के पथरीले गांव के माहौल में पले-बढ़े रूपायण की कविताएं अक्सर प्रकृति से जुड़ी होती हैं, साथ ही समाज के वर्ग की चेतना और खुद को खोजने का एक अनोखा तरीका भी होता है। रूपायण की कविता पढ़ते पढ़ते लगता है उनके लेख जैसे कि ‘खुद से सब तक’ की एक निरंतर यात्रा है।
—-
मैं बहुत ज्यादा बाहर नहीं जाता
मैं बहुत ज्यादा बाहर नहीं जाता
सुबह जहाँ काम पर जाता हूँ
शाम को वहां से लौट आता हूँ
घर लौटने के लिए बहुत सारे रास्ते होते है
और मैं बहुत सारे रास्तों से लौटता हूँ।
हर अलग अलग रास्ते में
अलग अलग लोग दिखाई देते हैं
कई बार ऐसा होता है कि
बहुत दिन बाद पुराने रास्ते से जाते हुए
बहुत पुराने लोग कुछ नये लोग जैसे लगते हैं।
मैं बहुत ज्यादा बाहर नहीं जाता
इसलिए नये लग रहे लोगों को
उनके पुराने भाव से पहचान नहीं पाता
फिर एक दिन सोचने बैठता हूँ
बहुत ज्यादा बाहर नहीं जाने से
क्या मैं बहुत ज्यादा अंदर रहने वाला बन गया हूँ
और फिर पता चलता है
बहुत ज्यादा अंदर रहने वाले लोग
बहुत ज्यादा दूर रहने वाले लोग बन जाते हैं।
_____
सोचता हुआ एक आदमी
अपने घर के भीतर
खुद को खोजते हुए
रात में निकल पड़ता हूँ
आईने में देखता हूँ तो
थोड़ा थोड़ा पहचान लेता हूँ
परछाई देखता हूँ तो
और ज्यादा पहचान जाता हूँ।
दिनभर दौड़ते हुए आईना दिखाई नहीं पड़ता
दिनभर काम करता हूँ तो
दिन सच लगने लगता है
रात में वक्त मिलता है तो
तो रात सच नहीं लगती।
अपने घर के भीतर
दिन और रात दोनों आतें है
किस तरफ़ जाऊँ सोचने लगता हूँ
और सोचता हुआ एक आदमी
भीड़ में खड़ा होकर झूठ लगने लगता है।
_____

मैंने ईश्वर से ईश्वर की बात नहीं कि
मैंने ईश्वर से ईश्वर की बात नहीं कि
क्योंकि वह ऊंचे शिखर पर बैठे हुए थे
उनके चेहरे पर तिरस्कार की मुस्कान थी
मैंने उनके अँधेरे को चुनौती दी
मैंने ईश्वर से नहीं पूछा
सज़ा से मुक्ति का एकमात्र उत्कोच क्या है…
मैंने मुक्ति की सहज धूसर मजदूरी को तलाशा नहीं
और इस सभी युक्तियों पर
ईश्वर निशब्द रह गए।
मैंने ईश्वर से उनके निशब्दता के बारे में नहीं पूछा
क्योंकि बहुत दिन हो गए थे
वह शिखर से नीचे आना भूल चुके थे
और अब ईश्वर से सिर्फ
अंहकार के बारे में पूछा जा सकता था…
*उत्कोच – रिश्वत
——-
रात सचमुच गहरी है
रात सचमुच गहरी है यह कह कर
एक भिखारी टहलने निकल गया
मैं चुपचाप उसी जगह खड़ा होकर
रात और भी गहरा होने की प्रतीक्षा करता हूँ
क्योंकि गहरे रात के पीछे गहरें राज़ छुपे होते है।
मैं खड़ा रहता हूँ
क्योंकि मैं प्रतीक्षा करता हूँ
मैं प्रतीक्षा करता हूँ
क्योंकि वह भिखारी का लौट आना अभी बाकी है।
सन्नाटों के पेड़, रास्तों के कुत्ते, झिनझिनाती कीड़े
सब मुझे देखते हैं
मैं भिखारी की जगह पर खड़ा हुआ एक आदमी
धीरे धीरे टहलने निकल पड़ता हूँ
मुझे वह भिखारी मिल जाएगा की सोच लेकर
मैं रात के और भी अंदर
मेरी तरह एक और बेबस ढूँढने चला जाता हूँ
रात सचमुच गहरा है,
एक आदमी छोड़े हुए भिखारी की जगह
खड़ा हुआ भिखारी जैसा दिखता है…
____
अँधेरे में कई रंग खो गए होंगे
अँधेरे में कई रंग खो गए होंगे
यह सोचते ही
एक बहुरूपिया अपने अँधेरे बिस्तर से उठकर
खिड़कियाँ खोल देता है-
खिड़कियों के बाहर हरे रंग के अनगिनत पेड़
एक बिल्ली भूरे रंग की
केबल के तार से लटका हुआ
एक लाल आँखों वाला उल्लू
रात के सन्नाटे में खोये हुए कौवे
और उनके काले पंख;
सब कुछ सरसराते हुए अँधेरे में डूब जाता हैं!
अँधेरे में सब रंग खो गए होंगे
यह सोचकर बहुरूपिया बाहर आता है
दूर बादलों से निकलता हुआ चाँद
अपनी रोशनी डालता रहता है
और वह बहुरूपिया सब रंगों की तलाश में
कई रंगों में घुल जाता है-
अँधेरे में कई रंग खो गए होंगे की हड़बड़ाहट में
कुछ लोग अन्धकार में बदल जाते हैं।
______

राढ़ एक मनुष्य जैसा दिखता है
सुबह होती है तो राढ़ की हवाओं में
अगहन को पंख फड़फड़ता हुआ देखता हूँ
खेत-खलिहानों में रचा हुआ कोहरा
अब उतना गहरा नहीं लगता!
मैं कोहरे की तरफ़ देखता हूँ
वह मुझे बाबा जैसा दिखता है
एक ऐसा इंसान जो धुंध के भीतर
सींचता रहता है सदियों पुरानी मिट्टी- राढ़ की मिट्टी।
सुबह होती है तो मैं उस मिट्टी को देखता हूँ
धुंध में लिपटा हुआ एक इंसान मुझे
सदियों की कहानी सींचता हुआ दिखता है।
राढ़ एक मनुष्य जैसा दिखता है
जिसके चेहरे पर लगे हुए कई दाग
कई मृत्युओं को बतलाता हुए खिल रहा है
एक इंसान कहानी सींचता है
राढ़ कहानियों को हवाओं में पिरोता है
मैं देखता हूँ बाबा को
धीरे धीरे कोहरे से ढका हुआ लाल मिट्टी में
कोई किसान रेंगता रहता है
और राढ़ एक मनुष्य जैसा दिखता है।
*राढ: बांकुरा, बर्धमान, बीरभूम, पुरुलिया से मिलकर बने क्षेत्र का पुकार नाम
_____
